नौतपा का कहर : 44 डिग्री पर पहुंचा पारा, 6 जिलों में अंगारे जैसी लू, आंधी का डबल अटैक

Ranchi : झारखंड में नौतपा की शुरुआत होते ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं और पूरा सूबा भट्टी की तरह...

Ranchi : झारखंड में नौतपा की शुरुआत होते ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं और पूरा सूबा भट्टी की तरह तपने लगा है. आसमान से बरसती आग के बीच राज्य के छह प्रमुख जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस की कगार को लांघकर रिकॉर्ड तोड़ रहा है. एक तरफ जहां उत्तर-पश्चिमी इलाके भीषण हीट वेब की चपेट में हैं. वहीं दूसरी तरफ मौसम के बदले मिजाज के कारण साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ लाइन सक्रिय है. इसके चलते तपन के बीच ही कई जिलों में वज्रपात और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी का डबल अटैक होने की आशंका है.

डालटेनगंज समेत 6 जिलों में पारा 40 के पार

पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम बेहद आक्रामक रहा. डालटेनगंज 44.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. जबकि जमशेदपुर में 40.5 डिग्री सेल्सियस, बोकारो थर्मल में 42.1 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा 39.2 डिग्री सेल्सियस ,सराइकेला और कोडरमा में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. राजधानी रांची भी 39.0 डिग्री सेल्सियस के साथ तप रही है. इसके विपरीत, सबसे कम न्यूनतम तापमान कोडरमा में 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा. इस तपिश के बीच पाकुड़ में सबसे अधिक 9.8 मिलीमीटर की हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई.

गढ़वा-पलामू में लू का अलर्ट, रांची-धनबाद में आंधी-तूफान

मौसम विभाग के अनुसार, 25 और 26 मई को गढ़वा, पलामू और चतरा में भीषण लू चलने की चेतावनी है. वहीं, रांची, खूंटी, धनबाद और बोकारो समेत मध्य व दक्षिणी भागों में 26 मई को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है. राहत की बात यह है कि 27 मई से रांची और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाने और गर्जन के साथ बारिश होने से पारे में गिरावट आएगी.

कैसा रहेगा 31 मई तक मौसम का हाल

  • 25 मई : राज्य के उत्तर-पश्चिमी (गढ़वा, पलामू, चतरा) भागों में कहीं-कहीं पर हीट वेब चलने की संभावना है. वहीं राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी एवं मध्य (धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, रांची, खूंटी, गुमला) भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज़ हवा (40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा) और वज्रपात होने की संभावना है.
  • 26 मई : राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग (गढ़वा, पलामू, चतरा) में कहीं-कहीं पर हीट वेब चलने की संभावना है. राज्य के उत्तर-पूर्वी एवं निकटवर्ती मध्य (धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, कोडरमा) भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज़ हवा (50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा) और वज्रपात होने की संभावना है. राज्य के दक्षिणी एवं निकटवर्ती मध्य (रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़) भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज़ हवा (40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा) और वज्रपात होने की संभावना है.
  • 27 मई : राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग (गढ़वा, पलामू) में कहीं-कहीं पर उष्ण लहर चलने की संभावना है. राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज़ हवा (50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा) और वज्रपात होने की संभावना है. राज्य के दक्षिणी एवं मध्य भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज़ हवा (40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा) और वज्रपात होने की संभावना है.
  •  28 से 31 मई : राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज़ हवा (40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा) और वज्रपात होने की संभावना है.
ALSO READ : राहुल सिंह गैंग के आरडीएक्स को बेल नहीं, कटप्पा की याचिका भी हो चुकी है खारिज
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *