Khunti: आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए खूंटी जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड में नजर आ रही है. जिले में अमन-चैन बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार कदम उठाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सोमवार को खूंटी के कचहरी मैदान में पुलिस बल द्वारा एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों को आपातकालीन स्थितियों और उग्र भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित करना था.

यह भी पढ़ें: अवैध खनन मामले में प्रशासन ने, ड्रोन के साथ कराई सीमा की मापी
आपात स्थिति से निपटने का कड़ा अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान मैदान में बिल्कुल वास्तविक संकट जैसे हालात पैदा किए गए. पुलिस जवानों को भीड़ को तितर-बितर करने और तनावपूर्ण स्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने का कड़ा अभ्यास कराया गया. इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सही तरीके और सही दिशा में गैस के गोले दागने का अभ्यास, न्यूनतम बल प्रयोग के साथ उग्र भीड़ को पीछे खदेड़ने का प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में बिना समय गंवाए मौके को संभालने की रणनीति की जानकारी दी गई.
सेवा ही लक्ष्य: राहगीरों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था
सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के साथ-साथ खूंटी पुलिस मानवीय चेहरा भी पेश कर रही है. सीएम हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार, भीषण गर्मी को देखते हुए खूंटी जिला अंतर्गत आने वाले सभी थाना क्षेत्रों में आम राहगीरों और आम जनता के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है. सेवा ही लक्ष्य के संकल्प के साथ खूंटी पुलिस के जवान सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों को पानी पिलाकर राहत पहुंचा रहे हैं, जिसकी स्थानीय जनता द्वारा काफी सराहना की जा रही है. पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे त्योहार को भाईचारे के साथ मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.
यह भी पढ़ें: पालकोट के बंगरू के समीप बस पलटी, एक दर्जन यात्री घायल
