Ranchi : पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर झारखंड की सियासत का पारा एक बार फिर चढ़ गया है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ईंधन के दामों में हुई ताजा बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय जनता से वसूली के एजेंडे पर चल रही है. जिसने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है.

कच्चा तेल की कीमत घटने के बावजूद जनता को नहीं मिला फायदा
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल की कीमत घटने के बावजूद उसका फायदा देश की जनता को नहीं मिला. आज राज्य के कई हिस्सों में पेट्रोल डीजल 100 रुपये प्रति लीटर के पार जा चुका है. केंद्र सरकार तेल कंपनियों के जरिए जनता की जेब पर डाका डाल रही है. इस बेतहाशा महंगाई का सीधा और घातक असर खेती-किसानी, परिवहन और रोजमर्रा के राशन पर पड़ रहा है.केंद्र की नीति अब जनकल्याण की नहीं, बल्कि सिर्फ टैक्स वसूली की रह गई है. जनता त्रस्त है और सरकार बेपरवाह है.
कल शाम 5 बजे से हस्ताक्षर अभियान
इस चौतरफा महंगाई के खिलाफ अब कांग्रेस सड़क पर उतरने की तैयारी में है. केंद्र सरकार को घेरने और जनता की आवाज बुलंद करने के लिए कल शाम 5 बजे से रांची के सभी पेट्रोल पंपों पर एक बड़ा हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. यह अभियान सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं रहेगा. पार्टी कार्यकर्ता हर जिले और प्रखंड स्तर पर जाकर लोगों से सीधे जुड़ेंगे. बढ़ती महंगाई के खिलाफ एक मजबूत जनमत तैयार किया जाएगा. कांग्रेस ने दो टूक मांग की है कि केंद्र सरकार तुरंत अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) कम करंे, ताकि महंगाई से दम तोड़ रही जनता को तत्काल राहत मिल सके.
ALSO READ : पालकोट के बंगरू के समीप बस पलटी, एक दर्जन यात्री घायल
