Giridih: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित मोहरी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रजरप्पा मंदिर से पूजा-अर्चना कर पटना लौट रहे श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई. हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को मामूली चोट आई है. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

जानें पूरी वारदात
जानकारी के अनुसार, पटना के कंकड़बाग निवासी कुछ लोग कार से रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए गए थे. पूजा के बाद सभी वापस पटना लौट रहे थे. इसी दौरान मोहरी स्थित जीटी रोड पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना में विक्की कुमार, अंकित कुमार और बलराम सिंह घायल हो गए, जबकि चंदन कुमार को हल्की चोटें आई है. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकाला. माहुरी निवासी बजरंगी पटेल और गोल्डन जायसवाल समेत अन्य ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.
ALSO READ: झारखंड पुलिस कर्मियों के एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (ACP) लाभ को लेकर गृह विभाग ने जारी किया आदेश
