Ranchi: जिले में हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने अपहृत युवक तसलीम अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
अपहरण के बाद मांगी गई थी फिरौती
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 24 मई की शाम करीब 7:50 बजे गांडेय थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने सूचना दी थी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35) का खंडोली के पास से बाइक समेत अपहरण कर लिया गया है. अपराधियों ने युवक को बंधक बनाकर परिवार से मोटी फिरौती की मांग शुरू कर दी थी.

SIT गठित कर चलाया गया अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एसआईटी का गठन किया गया. तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चुंजका जंगल स्थित चांदना मोड़ से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया.
Also Read: रांची में हथियार के बल पर लूटपाट, एक आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में अपराधियों ने खोले कई राज
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में पीरटांड़ निवासी मोहम्मद सोहेल (20), आदिल अंसारी (19), मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समीर अंसारी (24), अफरोजी शाह (19) और पचम्बा थाना क्षेत्र के इरशाद अंसारी (28) शामिल हैं.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि अपहरण के बाद तसलीम अंसारी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी. इतना ही नहीं, अपराधियों ने क्यूआर कोड भेजकर 24 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवा लिए थे.
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस पूछताछ में इस कांड में राजा और जाफर उर्फ छछुआ का नाम भी सामने आया है. दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
आरोपियों के पास से यह सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, ओप्पो रेनो मोबाइल, वीवो Y-28 मोबाइल और अपहृत युवक की मोटरसाइकिल बरामद की है.
इस मामले में बंगाबाद थाना कांड संख्या-87/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्यामकिशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पचम्बा अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार और बंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका रही.
