Ranchi : भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीम में झारखंड के 8 खिलाड़ियों का चयन, 29 मई से जापान में शुरू होगा टूर्नामेंट. जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से शुरू हो रहे अंडर-18 एशिया कप 2026 में इस बार झारखंड के खिलाड़ियों पर खास नजर रहेगी. भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीम में राज्य के कुल 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जो देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए जापान रवाना हो चुके हैं. यह टूर्नामेंट 6 जून तक कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा.


महिला टीम में झारखंड की 6 खिलाड़ियों को मिला मौका
भारतीय महिला टीम में झारखंड की पुष्पा मांझी, संदीपा कुमारी, श्रुति कुमारी, सुगंन सांगा, नीलम टोपनो और खिली कुमारी को शामिल किया गया है. वहीं पुरुष टीम में आशीष तनी पूर्ति और प्रेमचंद सोय को जगह मिली है. राज्य से इतने खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन होना झारखंड हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
ALSO READ : अवैध पिस्तौल से फायरिंग कर अपहरण के प्रयास का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
महिला टीम 30 मई को खेलेगी पहला मुकाबला
महिला टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर कर रही हैं. भारतीय महिला टीम अपना पहला मैच 30 मई को मलेशिया के खिलाफ खेलेगी. इसके बाद टीम कोरिया और सिंगापुर से भिड़ेगी. वहीं पुरुष टीम के कप्तान केटन कुशवाहा हैं. पुरुष टीम 29 मई को कजाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. इसके बाद टीम जापान, दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे के खिलाफ मैदान में उतरेगी.
भोपाल में चला विशेष प्रशिक्षण शिविर
एशिया कप से पहले दोनों भारतीय टीमों ने भोपाल में एक महीने तक विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया. इस दौरान ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीम के खिलाफ अभ्यास मुकाबले भी खेले गए. अब जापान में भारतीय टीमों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.
