Khunti: खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाकर लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने के उद्देश्य से चलाई जा रही खूंटी पुलिस की विशेष मुहिम रंग लाई है. एसपी के निर्देश पर जिले में चलाए गए मिशन मुस्कान अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. अभियान के दौरान खूंटी जिला अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 57 मोबाइल फोनों को बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया है.

तकनीकी अनुसंधान से मिली बड़ी सफलता
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुमशुदा मोबाइलों की खोज के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था. सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई का सहारा लिया गया. लगातार किए गए प्रयासों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 57 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की.
SP की उपस्थिति में लौटाए गए मोबाइल, लोगों ने जताया आभार
खूंटी पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक सादे समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति में सभी बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों को विधिवत रूप से वापस किया गया. अपने खोए हुए कीमती मोबाइल को दोबारा सुरक्षित हाथ में पाकर मोबाइल धारकों के चेहरे खिल उठे. कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन कभी वापस मिलेगा। उन्होंने खूंटी पुलिस की इस कार्यशैली और संवेदनशीलता की खुले दिल से सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार प्रकट किया.
