Saraikela : सरायकेला. उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, योजनाओं के क्रियान्वयन और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.


सभी स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा
बैठक में सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में आमजनों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं.
गम्हरिया और राजनगर सीएचसी की खामियों पर सख्त रुख
समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया एवं राजनगर में पूर्व जांच के दौरान पाई गई कमियों के अनुपालन की स्थिति जानी गई. इस दौरान ओपीडी संचालन, दवा वितरण, साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपस्थिति एवं मरीजों के इलाज में लापरवाही को लेकर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होगी.
बेहतर कार्य के लिए एमओआईसी कुचाई और ईचागढ़ सम्मानित
आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने पर एमओआईसी कुचाई को प्रथम तथा एमओआईसी ईचागढ़ को द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. उपायुक्त ने दोनों प्रभारियों की सराहना करते हुए अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया.
ALSO RAED : चतरा पुलिस का बड़ा ऐक्शन: लावालौंग और कुन्दा से 23 लाख के मादक पदार्थ जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
24 घंटे ड्यूटी और दवा उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने बैठक में निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में डॉक्टर और नर्स 24×7 रोस्टर के अनुसार ड्यूटी करें. साथ ही दवाओं और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए. उन्होंने पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर आयुष्मान भारत योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश भी दिया.
मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष फोकस,कई स्वास्थ्य अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई. उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, एसीएमओ, सभी एमओआईसी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO RAED : बकरीद और अपराध नियंत्रण पर फोकस, गुमला SP ने समीक्षा बैठक में दिए कई निर्देश
