Giridih : गिरिडीह जिले के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पहल पर पपरवाटांड़ क्षेत्र में लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा. करीब 15.10 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाली इस परियोजना से गिरिडीह को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है.
राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस होगा परिसर
प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप फुटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक, कबड्डी एवं खो-खो मैदान, वॉलीबॉल कोर्ट और मल्टीपरपस इंडोर हॉल का निर्माण किया जाएगा. खिलाड़ियों के प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए आधुनिक जिम, चेंजिंग रूम और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.
खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल और प्रशिक्षण व्यवस्था
कॉम्प्लेक्स परिसर में 50-50 बेड वाले अलग-अलग बालक एवं बालिका हॉस्टल बनाए जाएंगे. इससे दूर-दराज क्षेत्रों के खिलाड़ी यहां रहकर नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे. साथ ही प्रशासनिक भवन और कोचिंग सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे खेल गतिविधियों का संचालन व्यवस्थित ढंग से हो सके.
ALSO READ : जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन सक्रिय, उपायुक्त ने जिलेवासियों से मांगा सहयोग
तीन चरणों में पूरा होगा निर्माण कार्य
जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में मैदान और बुनियादी ढांचे का निर्माण होगा, दूसरे चरण में इंडोर सुविधाएं एवं हॉस्टल विकसित किए जाएंगे, जबकि अंतिम चरण में अन्य आधुनिक खेल संसाधनों को जोड़ा जाएगा.
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और जिला स्तर के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि गिरिडीह में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते. इस परियोजना से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा.
रोजगार और खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक खेल परिसर नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगी. इससे जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं की खेलों में रुचि बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है.
ALSO READ : हजारीबाग में माहवारी स्वच्छता दिवस 2026 पर किशोरियों को किया गया जागरूक



