Giridih: गिरिडीह जिला मे विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर गिरिडीह समाहरणालय में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला तंबाकू नियंत्रण समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए. बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है. उन्होंने युवाओं और किशोरों को तंबाकू की लत से बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया. इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, परिवहन और नगर निकाय समेत सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें: खराब मौसम का असर, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से चार विमान कोलकाता डायवर्ट

डीसी ने सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
उपायुक्त ने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध कानून (कोटपा-2003) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में गुटखा, पान मसाला, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है. बैठक में तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए विशेष छापेमारी दल गठित करने का निर्देश भी दिया गया. इस दल में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फूड इंस्पेक्टर और अन्य संबंधित अधिकारियों को शामिल किया जाएगा. दल विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित जांच अभियान चलाएगा. बैठक में सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: IPL की तर्ज पर शुरू होगी झारखंड प्रीमियर लीग, खिलाड़ियों की नीलामी पूरी
