मानसून से पहले एक्शन मोड में रांची नगर निगम: पेड़ों की छंटाई से लेकर जल जमाव रोकने तक युद्धस्तर पर तैयारी

Ranchi: आगामी मानसून को देखते हुए रांची नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. एक ओर जहां शहर में...

Ranchi: आगामी मानसून को देखते हुए रांची नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. एक ओर जहां शहर में दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए सूखे और जर्जर पेड़ों की छंटाई का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जल जमाव की समस्या से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर जारी है. नगर निगम की हॉर्टिकल्चर शाखा उप नगर आयुक्त के नेतृत्व में शहरभर में सूखी एवं कमजोर शाखाओं की पहचान कर उनकी छंटाई कर रही है ताकि तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों के गिरने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके. मई माह में निगम ने शहर के 139 स्थानों पर पेड़ों की छंटाई और 46 सूखे एवं गिरे हुए पेड़ों को हटाने का कार्य किया. पीस रोड, लालपुर, कचहरी चौक, अशोक नगर, रातू रोड, डोरंडा, हरमू, मोराबादी, हिनू और कांके रोड सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में अभियान चलाया गया.

यह भी पढ़ें: आठ थाना प्रभारी समेत 12 सब-इंस्पेक्टर का तबादला, दरोगा का समय से पहले ट्रांफसर के लिए डीआईजी का लिया गया अनुमति

जून और जुलाई के लिए भी विशेष रोस्टर तैयार

निगम ने जून और जुलाई के लिए भी विशेष रोस्टर तैयार किया है. 12 प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं छंटाई अभियान चलाया जाएगा. विद्युत तारों के समीप स्थित पेड़ों की सुरक्षित कटाई के लिए बिजली विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है. इधर, नगर आयुक्त के निर्देश पर वार्ड संख्या-32 स्थित पंचशील नगर में जल जमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. निरीक्षण के बाद स्वच्छता शाखा ने 15 सफाई मित्रों की टीम तैनात कर बड़े नाले और जाम नालियों की सफाई शुरू कर दी है. पोकलेन मशीन की मदद से बड़े नालों की सफाई कर पिछले तीन दिनों में लगभग 30 ट्रैक्टर गाद निकाली गई है. इससे नालों की जलधारण क्षमता बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें: गीले कचरे से बनेगी हरित ऊर्जा, रांची में कूड़ा पृथक्करण को मिलेगा जन आंदोलन का स्वरूप

नगर निगम का दावा: मानसून में लोगों को नहीं होगी दिक्कत

सुपर सकर मशीन और मैनुअल सफाई के माध्यम से भी नालियों से अवरोध हटाए जा रहे हैं. वहीं, जल निकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमणों पर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है. नगर निवेशक शाखा ने 23 भवनों को नोटिस जारी किया है, जबकि इनफोर्समेंट टीम ने नालियों के ऊपर बने छह अस्थायी ढांचों को हटाया है. निगम द्वारा क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण और तकनीकी मूल्यांकन भी कराया जा रहा है, ताकि जल जमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके. नगर निगम का दावा है कि मानसून के दौरान शहर में जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *