कोर्ट की फटकार के बाद JPSC का एक्शन, 22 महीने बाद जारी की फाइनल आंसर-की

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल जज (जूनियर डिविजन) प्रारंभिक परीक्षा 2024 की फाइनल आंसर-की जारी कर दी है. हाईकोर्ट...

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल जज (जूनियर डिविजन) प्रारंभिक परीक्षा 2024 की फाइनल आंसर-की जारी कर दी है. हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद आयोग ने यह कदम उठाया है. अब आयोग को संशोधित रिजल्ट भी जारी करना होगा.

10 मार्च 2024 को हुई थी पीटी परीक्षा

कुल 138 पदों पर नियुक्ति के लिए जेपीएससी ने 10 मार्च 2024 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी. इसके बाद आयोग ने तीन बार मॉडल उत्तर जारी किए और 2 जुलाई 2024 को पीटी परीक्षा का रिजल्ट व कटऑफ प्रकाशित किया. उस समय 1797 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था.

मॉडल उत्तर और आरक्षण को लेकर शुरू हुआ विवाद

परीक्षा के बाद मॉडल उत्तर में त्रुटि, आरक्षण नीति और दिव्यांग कोटा को लेकर विवाद शुरू हो गया. मामला झारखंड हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा. अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कोर्ट के आदेश के बावजूद संशोधित परिणाम जारी नहीं किया गया. इसको लेकर अवमानना याचिका भी दायर की गई, जिस पर कोर्ट ने आयोग को कड़ी फटकार लगाई. विवाद के कारण मुख्य परीक्षा की प्रक्रिया पर भी रोक लग गई.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जारी हुई नई आंसर-की

सुप्रीम कोर्ट ने 9 फरवरी 2026 को आयोग को संशोधित रिजल्ट जारी करने का निर्देश दिया था. इसके करीब चार महीने बाद सोमवार को फाइनल आंसर-की जारी की गई. इसमें कुल 100 प्रश्नों में से पांच प्रश्नों के उत्तर बदले गए हैं, जबकि दो प्रश्नों को ड्रॉप कर दिया गया है.

Also Read: एडीजी ने बेहतर कार्य के लिए पिठौरिया थानेदार को किया सम्मानित

तीन प्रश्नों के सभी विकल्प निकले गलत

फाइनल आंसर-की में तीन ऐसे प्रश्न भी पाए गए, जिनके सभी विकल्प गलत थे. ऐसे में आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को इन तीन प्रश्नों के लिए एक-एक अंक देने का फैसला किया है.

जल्द जारी होगी नई मेरिट लिस्ट

अब अंतिम आंसर-की जारी होने के बाद आयोग जल्द ही संशोधित कटऑफ और नई मेरिट लिस्ट जारी करेगा. इसके साथ ही मुख्य परीक्षा की नई तिथि की घोषणा भी किए जाने की संभावना है. सिविल जज (जूनियर डिविजन) भर्ती प्रक्रिया अगस्त 2023 से चल रही है. कुल 138 पदों में 60 अनारक्षित, 28 एसटी, 12 एससी, 10 बीसी-1, 15 बीसी-2 और 13 ईडब्ल्यूएस वर्ग के पद शामिल हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *