अनीता देवी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सांसद समेत प्रतिनिधिमंडल ने SP से की मुलाकात

Bokaro: बोकारो जिला के बेरमो अनुमंडल क्षेत्र स्थित पांच नंबर धौड़ा निवासी चार माह की गर्भवती दलित महिला अनीता देवी हत्याकांड को...

Anita Devi murder case
सांसद के साथ प्रतिनिधिमंडल

Bokaro: बोकारो जिला के बेरमो अनुमंडल क्षेत्र स्थित पांच नंबर धौड़ा निवासी चार माह की गर्भवती दलित महिला अनीता देवी हत्याकांड को लेकर मंगलवार को गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक लम्बोदर महतो, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज तथा आजसू जिला अध्यक्ष सचिन महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतका के पति महेश भुईयां और उनके बच्चों के साथ बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मामले की जानकारी देते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.

कोयला माफिया के गुंडों ने अनीता देवी के साथ बेरहमी से की मारपीट

इस दौरान महेश भुईयां ने एसपी को पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया, कि उनकी पत्नी अनीता देवी जलावन के लिए कोयला चुनने गई थीं. आरोप है कि इसी दौरान कोयला माफिया संतोष साव के गुंडों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई. महेश ने कहा कि घटनास्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नशे की हालत में मौजूद रहते हैं. महिलाओं के साथ मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के बाद उन पर जल्द से जल्द शव का अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाया गया. इसका सीधा मतलब है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है.

मामले की जांच के लिए की जाएगी एसआईटी गठित

सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि एसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है. प्रशासन ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है. भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने भी इस जघन्य कृत्य में शामिल अभियुक्तों को जल्द से जल्द उचित दंड दिलाने की मांग की‌. आजसू जिला अध्यक्ष सचिन महतो ने कहा कि जिले में अवैध कोयला कारोबार के कारण लगातार अपराध और हत्याएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई अपेक्षानुरूप नहीं होती है. उन्होंने अनीता देवी हत्याकांड के मुख्य आरोपी सहित शामिल सभी लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.

यह भी पढ़ें: रांची–गोड्डा–रांची एक्सप्रेस ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच, यात्रियों को मिलेगी राहत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *