Chatra: सदर थाना क्षेत्र के जापुट गांव के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. छठियारी कार्यक्रम से लौट रही करीब 30 सवारियों से भरी गाड़ी बाइक को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. हादसे में करीब 20 लोग घायल हो गए. घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. सूचना मिलते ही मुखिया बेबी देवी और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री भी घटनास्थल पहुंचे.

घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया
सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि छह लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है. वहीं अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. बताया जा रहा है कि सभी लोग सिमरिया के टूटीलावा में आयोजित छठियारी कार्यक्रम से वशिष्ठनगर के जोरी गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ.
ALSO READ: नगर परिषद अध्यक्ष ने गेट में लगाया ताला, देर से आने वाले कर्मचारियों पर गिरी गाज
