Chakardharpur: कराईकेला ग्राम पंचायत के पूर्व मुखिया एवं वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय बनमाली मंडल का 25 मई 2026 को 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उनके निधन से कराईकेला क्षेत्र सहित पूरे सिंहभूम अंचल में शोक की लहर है. श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. गिरजा शंकर मिश्र ने कहा कि स्व. मंडल ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और जनहित के कार्यों को समर्पित किया तथा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

जनसेवा और नेतृत्व से बनाई अलग पहचान
स्व. बनमाली मंडल कराईकेला पंचायत के पूर्व मुखिया रहे और सिंहभूम अंचल में एक कुशल कार्यकर्ता तथा जननेता के रूप में अपनी पहचान बनाई. वर्ष 1970 और 1980 के दशक में उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और जनसेवा के बल पर लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया. ग्रामीण विकास और पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी भूमिका को आज भी याद किया जाता है.
ALSO READ : जामताड़ा: हर घर नल-जल योजना की धीमी रफ्तार से ग्रामीणों को पेयजल संकट, डोभा-चुआं का पानी पीने को मजबूर
शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में रहा महत्वपूर्ण योगदान
स्व. मंडल सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों से भी गहराई से जुड़े रहे. कराईकेला उच्च विद्यालय के विकास और संचालन में उनकी सक्रिय भूमिका रही. विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य के रूप में उन्होंने शिक्षा के प्रसार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए. वर्ष 1977 में विद्यालय के सरकारीकरण की प्रक्रिया में भी उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना जाता है. इसके अलावा वे सिंहभूम जिला मंडल समाज के अध्यक्ष के रूप में भी लंबे समय तक समाज सेवा से जुड़े रहे.
समाज सेवा की विरासत को किया गया याद
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व. बनमाली मंडल का जीवन समाज सेवा, शिक्षा के प्रति समर्पण और जनकल्याण के कार्यों का प्रेरणादायक उदाहरण है. उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रेरित हुए. सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक जगत से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके योगदान को सदैव अविस्मरणीय बताया.
