जमशेदपुर: जुगसलाई में अवैध हथियार सप्लाई गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जुगसलाई...

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जुगसलाई क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार सप्लाई गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक लोडेड देशी पिस्टल, 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई स्थित रेलवे पुल के नीचे से गिरोह के सक्रिय सदस्य जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25 वर्ष), पिता- मो. सलीम, निवासी- गरीब नवाज कॉलोनी और हथियार खरीदने वाले मो. रेहान हुसैन (19 वर्ष), पिता- मो. इरफान, निवासी- एमई स्कूल रोड, जुगसलाई को गिरफ्तार किया.

पूछताछ में हुआ खुलासा

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया. उनकी निशानदेही पर नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी पिस्टल और 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने बताया कि वह बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार लाकर जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में 8 से 10 हजार रुपये में सप्लाई करता था. मो. रेहान हुसैन ने जुगसलाई में हाल में हुई फायरिंग की घटना को अंजाम देने के लिए विक्की से हथियार खरीदा था. पुलिस को आशंका है कि 31 मई को मिल्लत नगर में हुई फायरिंग की घटना में भी इसी हथियार का इस्तेमाल हुआ है. बैलिस्टिक जांच के लिए पिस्टल को एफएसएल भेजा जा रहा है.

दर्ज हुआ मामला

इस संबंध में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2)(b) एवं 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसपी पीयूष पांडे ने बताया कि गिरफ्तार विक्की के खिलाफ बागबेड़ा और जुगसलाई थाना में पहले से आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं. गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है. बिहार से जुड़े तस्करों तक पहुंचने के लिए पुलिस की एक टीम मुंगेर रवाना की गई है.

दोनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. एसएसपी ने टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है.

AlsoRead:गुमला जिला विज्ञान केंद्र में 9 से 11 जून तक तीन दिवसीय समर कैंप का आयोजन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *