Ranchi: जिला प्रशासन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 6 और 7 जून को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाने का फैसला किया है. इस कैंप में उन मतदाताओं की मैपिंग की जाएगी, जिनका विवरण अभी तक पूरी तरह अपडेट नहीं हो पाया है.

पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी
इसको लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ बैठक की. उन्होंने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम और सही जानकारी मतदाता सूची में होना जरूरी है. इसलिए इस काम को पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए.प्रशासन के अनुसार, 6 और 7 जून को सभी बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे. वहीं जनगणना कार्य में लगे बीएलओ सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक बूथों पर रहकर मतदाताओं की मैपिंग करेंगे.
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ज्यादा से ज्यादा अनमैप्ड मतदाताओं तक पहुंचें और उन्हें बूथ पर आकर मैपिंग कराने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने चेतावनी दी कि काम में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
