Jamtada: जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक प्रकाश सेठ के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था. इसके बाद कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रानीटांड़ गांव में अधनिर्मित मकान के पास छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को दबोचा गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गालिब अंसारी (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय अब्दुल हन्नान, निवासी डुमरिया, थाना कर्माटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है. इस मामले को लेकर साइबर थाना में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है. आरोपी लोगों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड बंद होने तथा नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर फोन करता था. इसके बाद वह लोगों से मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर उनके क्रेडिट कार्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करता था. फिर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था. आरोपी का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ बताया गया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन एवं पांच सिम कार्ड बरामद किया है.

यह भी पढ़ें: CM हेमंत से मिले परिमल नाथवानी, बोले चुनाव पर कोई बातचीत नहीं हुई
