Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड प्रवास के दूसरे दिन सांगठनिक ऊर्जा और कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला. रांची से बोकारो जाने के क्रम में रामगढ़ और बोकारो जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पलक-पावड़े बिछाकर ऐतिहासिक स्वागत किया. पूरे मार्ग में जगह-जगह हुए पुष्पवर्षा, गगनभेदी जयघोष और पारंपरिक गर्मजोशी ने इस प्रवास को एक विशाल उत्सव में बदल दिया. कार्यकर्ताओं के इस अभूतपूर्व समर्पण ने राज्य में पार्टी की मजबूत पकड़ और भावी संकल्पों को साफ तौर पर प्रदर्शित किया.


महापुरुषों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अपने इस दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड के अमर सेनानियों और मार्गदर्शकों को नमन कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की. रामगढ़ पहुंचने पर भाजपा रामगढ़ इकाई द्वारा निर्मल महतो चौक और मांडू के छतरपुर में उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्होंने झारखंड आंदोलन के अग्रज स्वर्गीय निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इसके बाद, बोकारो के मार्ग में उन्होंने स्वर्गीय छत्रु राम महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने दोनों विभूतियों के संघर्षपूर्ण जीवन और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया.

Also Read: कल से खुलेगा झारखंड हाईकोर्ट
कदम-कदम पर स्वागत, संगठन ने दिखाई ताकत
राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला जैसे-जैसे आगे बढ़ा, कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ता गया. रामगढ़ जिला के गोला एवं चितरपुर, और बोकारो जिला के पेटरवार, जैनामोड़ तथा नया मोड़ में जनसैलाब उमड़ पड़ा. पूरी सड़क ‘भारत माता की जय’ और पार्टी के गगनभेदी नारों से गूंज उठी. जगह-जगह पर कार्यकर्ताओं ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर अपने राष्ट्रीय नेतृत्व का आत्मीय अभिनंदन किया.

दिग्गज नेताओं की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह और प्रवास कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई शीर्ष चेहरे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते दिखे. इस अवसर पर मुख्य रूप से आदित्य साहू (प्रदेश अध्यक्ष), मनीष जयसवाल (हजारीबाग सांसद), ढुल्लू महतो (धनबाद सांसद), गणेश मिश्रा (प्रदेश महामंत्री), रौशन लाल चौधरी (विधायक) और बिरंची नारायण (पूर्व विधायक) प्रमुख रूप से शामिल रहे.
