Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के द्वारा “प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के अंतर्गत जिले को रक्त युक्त बनाने एवं जनसामान्य के बीच स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल, चाईबासा में आयोजित रक्तदान शिविर में उपायुक्त मनीष कुमार एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने सिविल सर्जन डॉ.जुझार माझी की मौजूदगी में कार्यक्रम का निरीक्षण किया तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर उपायुक्त ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है. उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद लोगों को जीवनदान दे सकता है. कई बार दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसूति अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता तत्काल होती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के लिए बड़ी भूमिका निभाते हैं.
रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, उपायुक्त ने युवाओं से की आगे आने की अपील
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास केवल रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि जिले में एक ऐसी सकारात्मक सामाजिक संस्कृति विकसित करना है, जिसमें लोग स्वयं आगे आकर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाएं. आज के रक्तदान शिविर में गोपनीय कार्यालय, यक्ष्मा कार्यालय, जेएसएलपीएस स्वयं सहायता समूह की दीदियों, आयुष कार्यालय, सामाजिक सुरक्षा, समाज कल्याण और महिलाओं व युवा वर्ग ने उत्साहपूर्ण भागीदारी निभाई है. इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं सक्षम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है. सदर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने टीबी उन्मूलन को भी एक महत्वपूर्ण सामाजिक अभियान बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और संस्था को आगे आकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि टीबी एक ऐसी बीमारी है जिसका समय पर पहचान, उपचार, उचित पोषण एवं सामुदायिक सहयोग से पूर्ण रूप से उन्मूलन संभव है. उन्होंने समाज के सक्षम एवं जागरूक नागरिकों से टीबी मरीजों के सहयोग के लिए भी आगे आने का आह्वान किया. उक्त कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार के द्वारा निक्षय मित्र के तौर पर 21 टीबी रोगियों को पोषण सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से पोषाहार पैकेट वितरित किया गया. साथ ही लाभुकों से नियमित दवा सेवन एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करने की अपील की गई. इसी क्रम में आज प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा 2, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ.दीपक के द्वारा 2, प्रवीण अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालक के द्वारा 11 तथा सनराइज अस्पताल के द्वारा 11, कुल 47 टीबी रोगियों को पोषाहार पैकेट वितरित किया गया. रक्तदान शिविर में स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को उनके योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए प्रशस्ति पत्र, कॉफी मग एवं टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस पहल का उद्देश्य समाज में रक्तदाताओं के योगदान को पहचान देना एवं अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करना रहा. कार्यक्रम के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी एवं रक्तदाता उपस्थित रहे. उपस्थित सभी लोगों ने जिले को रक्त युक्त एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक जिला बनाने की दिशा में सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया.

Also Read : गुमला पुलिस की कामयाबी: वारदात से पहले हथियारबंद अपराधी दबोचा गया
