Saraikela: उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना तथा स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की समीक्षा की गई.
लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने सभी स्वीकृत लाभुकों को सहायता राशि का नियमित और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.

स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की समीक्षा
स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा के दौरान प्राप्त आवेदनों का विभागीय प्रावधानों के अनुरूप निष्पादन करने तथा पात्र बच्चों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि लाभुकों को नियमित रूप से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए और लंबित मामलों के निष्पादन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए.
ALSO READ : धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, उनके संघर्ष और बलिदान को किया याद
मंईयां सम्मान योजना में सत्यापन कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत लंबित लाभुक सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया. साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुक सत्यापन में आ रही तकनीकी समस्याओं एवं अन्य बाधाओं की जानकारी विभाग को तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके. उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
कई अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्रीमती निवेदिता राय, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), महिला पर्यवेक्षिका (एलएस) सहित सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
ALSO READ : उज्ज्वला योजना पर कांग्रेस का हमला: 12 का वादा, 4 सिलेंडर पर आकर रुकी मोदी सरकार
