Ranchi: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने झारखंड के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को पत्र के माध्यम से विधानसभावार प्राप्त बीएलए–2 की संख्या से अवगत कराया. मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए अपने बीएलए–2 नियुक्त कर इसकी विवरणी ईआरओ को उपलब्ध कराई गई थी. वर्तमान में प्राप्त सूची के अनुसार भारतीय जनता पार्टी की तरफ से 21,645 बीएलए, इंडियन नेशनल कांग्रेस की तरफ से 17,479, झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से 14,482, आजसू पार्टी की तरफ से 2,967, राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से 2,765 जबकि बहुजन समाजवादी पार्टी की तरफ से 2 बीएलए नियुक्त किए गए हैं.

सभी पार्टी करें अपना बीएलए-2 नियुक्त
के. रवि कुमार ने कहा कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपेक्षा है कि प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए वे अपने बीएलए-2 अवश्य नियुक्त कर लें जिससे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में उनकी तरफ से महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन हो सके. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के क्रम में सभी बीएलओ की तरफ से अपने मतदान केंद्र के बीएलए–2 से एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ एवं डुप्लिकेट की सूची को सत्यापित किया जाना है. मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में बीएलओ के सहयोग के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 का सहयोग अपेक्षित है. उन्होंने कहा कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की तरफ से बीएलए–2 की नियुक्ति में तेजी आई है, जो सराहनीय है. इसके साथ ही उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि बचे हुए सभी मतदान केंद्रों पर भी अपने बीएलए–2 अवश्य नियुक्त करें.

यह भी पढ़ें: जंगलों में बसे लोगों को अधिकार दिलाना ही बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : जोबा माझी
