Chakardharpur: गोइलकेरा प्रखंड के सुदूरवर्ती सारूडा गांव में मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई. भगवान बिरसा मुंडा कल्याण समिति, सारूडा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. कार्यक्रम में गुदड़ी प्रखंड प्रमुख सामी भेंगरा, जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन, झारखंड आंदोलनकारी बिरसा मुंडा, गोइलकेरा उप प्रमुख वरदान भुइंया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.

बिरसा मुंडा के विचारों पर चलने की जरूरत
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे. उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने के साथ-साथ आदिवासी समाज और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई भी लड़ी थी. उन्होंने कहा कि आज उनके विचारों और सिद्धांतों का अनुसरण करने की आवश्यकता है. जंगलों में रहने वाले लोगों को उनके अधिकार दिलाना ही बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
क्षेत्र के विकास के लिए जारी हैं प्रयास
सांसद ने कहा कि गोइलकेरा, गुदड़ी, सोनुवा और आनंदपुर क्षेत्र में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए भी वे स्वयं और विधायक जगत माझी गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की विकास योजनाओं का लाभ लेने और बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने की अपील की.
भूमि दानकर्ताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा पब्लिक स्कूल, सारूडा के निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले ग्रामीणों को सांसद जोबा माझी के हाथों सम्मानित किया गया. इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम को सुनीता लुगुन, सामी भेंगरा, बिरसा मुंडा और अकबर खान सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन कुशल रुगु ने किया. इस अवसर पर बिरकेल की मुखिया कुंवारी बरजो, ग्रामीण मुंडा मंगरा मुंडा, रमेश लुगुन, चंदन बरजो, अल्फ्रेड भुइंया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.


