Ranchi:झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित देव वाटिका में आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” में दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसकी युवा प्रतिभाएं होती हैं और शिक्षित, संस्कारित तथा जिम्मेदार युवा ही राष्ट्र निर्माण की वास्तविक शक्ति हैं.
शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी असीम प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर वे नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं. उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को स्थानीय प्रतिभाओं के सम्मान और भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया. राज्यपाल ने कहा कि सफल व्यक्ति बनने से भी अधिक महत्वपूर्ण एक अच्छा इंसान बनना है. उन्होंने विद्यार्थियों को विनम्रता, संस्कार और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाने तथा अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए करने की सीख दी.

