Giridih : अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
जानकारी के अनुसार 10 और 11 जून की रात साइबर थाना की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि साइबर अपराध से जुड़े आरोपी चुड़ामन मंडल अपने गांव चिकसोरिया स्थित ठिकाने पर मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की और आरोपी को हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू की. इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों और साइबर अपराधियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की की.
पुलिस टीम पर किया गया था पथराव
बताया जाता है कि देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आरोपियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान सरकारी वाहन को भी निशाना बनाया गया. जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. हमलावरों ने पुलिस की गिरफ्त में लिए गए साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल को भी छुड़ाकर भगा दिया. घटना में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई थीं. जबकि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश की गई.
घटना के बाद अहिल्यापुर थाना में कांड संख्या 21/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
अन्य आरोपियों की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिकसोरिया गांव निवासी 51 वर्षीय जितन मंडल और 20 वर्षीय सूरज मंडल के रूप में हुई है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
इस विशेष अभियान में साइबर थाना, मुफस्सिल थाना, अहिल्यापुर थाना सहित कई थानों की पुलिस टीम शामिल रही. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा. पुलिस ने आम लोगों से भी जांच में सहयोग करने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.
ALSO READ : EXCLUSIVE : फाइलों में सिमटी जल-जंगल-जमीन की जंग, लालफीताशाही और फाइलों के मकड़जाल में रह गए उलझकर


