Saraikela: NGT द्वारा अवैध खनन पर प्रतिबंध के बाद प्रशासन सख्त हुआ है. रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड के जुगीलोंग गांव में अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने अवैध बालू लदा एक हाइवा जब्त किया. कार्रवाई के दौरान CO द्वारा हाइवा चालक के साथ कथित मारपीट किए जाने का आरोप लगने से हाइवा मालिकों में आक्रोश और खौफ का माहौल है.
सूत्रों के मुताबिक, रविवार को नीमडीह प्रखंड के जुगीलोंग गांव में जांच के दौरान CO अभय कुमार द्विवेदी ने अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक हाइवा को पकड़कर जब्त कर लिया. बताया गया कि बालू का परिवहन तिरुलडीह थाना क्षेत्र की सुवर्णरेखा नदी से किया जा रहा था. जब्त हाइवा को अग्रेतर कार्रवाई के लिए सुरक्षित स्थान पर रखा गया है.
Also Read: 12 साल, 12 बड़ी सौगातें, पलामू में सांसद बी. डी. राम ने पेश किया केंद्र सरकार का रिपोर्ट कार्ड
NGT के आदेश की अनदेखी
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने 10 जून से 10 अक्टूबर तक बरसात के मौसम में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है. इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है. ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना नीमडीह थाना क्षेत्र से 40 से 50 हाइवा बालू का परिवहन करते हैं.
चालक से मारपीट का आरोप, हाइवा मालिकों में नाराजगी
सूत्रों के अनुसार, जब्ती के दौरान CO द्वारा हाइवा चालक के साथ मारपीट भी की गई. इस घटना से हाइवा मालिकों एवं चालकों में आक्रोश है और पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में खौफ का माहौल बन गया है.
प्रशासन का कहना है कि NGT की प्रतिबंध अवधि में अवैध खनन एवं परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.


