Koderma: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में सहकारिता एवं आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2023-24 में 100 एमटी एवं 500 एमटी क्षमता वाले पूर्ण गोदामों की हैंडओवर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के अंतर्गत निर्माणाधीन गोदामों के कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कराने का निर्देश दिया. साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में 500 एमटी क्षमता के गोदाम निर्माण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. उपायुक्त ने वर्ल्ड्स लार्जेस्ट ग्रेन स्टोरेज प्लान इन कोऑपरेटिव सेक्टर योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. इसके अलावा एमपीसीएस (MPACS) को प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया.
दाल-भात केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के उद्देश्य
बैठक में आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जिला आपूर्ति पदाधिकारी को मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा सोना-सोबरन धोती, साड़ी एवं लुंगी वितरण योजना के तहत लाभुकों के बीच शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल, जिला सहकारिता पदाधिकारी रूमा झा, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.



