Seraikela: चाण्डिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती से कपाली ओपी के पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट और बल प्रयोग का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई की है. मामले में कपाली ओपी के थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. 15 जून 2026 को चाण्डिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कपाली ओपी के पुलिस पदाधिकारी/कर्मियों द्वारा हिंसा और बल प्रयोग करने की शिकायत मिली थी. मामला गंभीर होने के कारण पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां ने खुद संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) चाण्डिल को जांच का निर्देश दिया.
जांच में तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई
जांच के क्रम में प्रथम दृष्टया तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई:
- पु.अ.नि. धीरंजन कुमार, थाना प्रभारी, कपाली ओपी
- स.अ.नि. मो. मुकलेश्वर रहमान, कपाली ओपी
- महिला आरक्षी-981 कंचन, कपाली ओपी
तत्काल निलंबन, आगे होगी अनुशासनिक कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने जांच रिपोर्ट के आधार पर तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही उनके खिलाफ अग्रेतर अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
कमजोर वर्गों के साथ हिंसा पर जीरो टॉलरेंस की नीति
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि आम जनता, विशेषकर कमजोर वर्गों के साथ किसी भी तरह की हिंसा या बल प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विभाग में ऐसी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई तय है. पीड़ित युवती को न्याय दिलाने के लिए आगे की कानूनी प्रक्रिया भी जारी है.
ALSO READ: बोकारो: महिला पर्यवेक्षिका नियुक्ति में देरी पर मंत्री योगेंद्र से मिलीं अभ्यर्थी, सौंपा ज्ञापन



