Jamshedpur : जिले ओलिडीह थाना क्षेत्र स्थित खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई. शराब और नशे के सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद में 30 वर्षीय युवक देवदास गौड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक मूल रूप से सरायकेला राजनगर का रहने वाला था, जिसके गर्दन में गोली लगी थी. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा, थार गाड़ी और नशे का सामान भी जब्त कर लिया है.
विवाद के बाद गर्दन में मारी गोली
पुलिस जांच में सामने आया है कि मंगलवार देर रात खड़िया बस्ती में कुछ लोग जमा होकर शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर राजनगर निवासी देवदास गौड़ और देवाशीष पोद्दार के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि देवाशीष ने पास में रखा देसी कट्टा निकालकर सीधे देवदास पर तान दिया और गोली चला दी. गोली देवदास की गर्दन में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.
Also Read: रांची : RSS कार्यालय में पेट्रोल बम फेंकने वाला आरोपी CCTV फुटेज में कैद, पुलिस कर रही छापेमारी
अस्पताल से भागने की फिराक में थे आरोपी
घटना के तुरंत बाद आरोपी खुद को बचाने और मामले को रफा-दफा करने के उद्देश्य से घायल देवदास को लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे. डॉक्टरों ने देवदास का इलाज शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया. देवदास को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद आरोपी वहां से चुपचाप खिसकने की कोशिश कर रहे थे. अस्पताल परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही धर दबोचा और हिरासत में ले लिया.



