Koderma: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में बिरसा सांस्कृतिक भवन, कोडरमा में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति और अखाड़ा समिति के प्रतिनिधि शामिल हुए.
बैठक में मुहर्रम जुलूस के निर्धारित रूट चार्ट का पालन, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन तथा सोशल मीडिया पर अफवाहों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. DC उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है. उन्होंने सभी आयोजन समितियों और अखाड़ा समितियों से परंपरागत तरीके से पर्व मनाने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा…
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी. साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन ने सभी अखाड़ा समितियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों और रूट चार्ट का पालन करने तथा जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की. उन्होंने समितियों को वॉलिंटियर तैनात करने का भी निर्देश दिया.
बैठक में नगर निकाय प्रतिनिधियों ने भी मुहर्रम के दौरान मूलभूत सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव दिए. वहीं शांति समिति और अखाड़ा समिति के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई.
ALSO READ: मरकच्चो थाना मे अध्यक्ष पद के लिए किया चुनाव प्रचार प्रसार


