Palamu: शहर के सबसे व्यस्त मुख्य सब्जी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लादीगढ़ कॉम्प्लेक्स के ठीक सामने स्थित एक रिहायशी मकान से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख होने का अनुमान है. सुबह के वक्त बाजार में हलचल शुरू ही हुई थी कि धुएं का गुबार देखकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना संभव नहीं हो सका. हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
दमकल कर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. संकरे और व्यस्त इलाके में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. अग्निशामक दल की मुस्तैदी के कारण आग को आसपास की अन्य इमारतों और दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है.
ALSO READ : RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले दहशतगर्दो को मिला था मात्र 10 हजार



