Jamtara: पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साइबर अपराध के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. एसपी ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अभिनव कुमार के नेतृत्व में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, एसआई नितिश कुमार एवं एएसआई हीरालाल महतो की टीम द्वारा जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह गांव में छापेमारी की गई. इस दौरान साइबर ठगी में संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिपराडीह मैदान के समीप खजूर पेड़ के पास छापेमारी कर एक अन्य साइबर अपराधी को दबोचा गया.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
सनातन दास (30 वर्ष), ग्राम नवाडीह
नितेश दास (22 वर्ष), ग्राम पोसई, थाना जामताड़ा
हिरण अंसारी (26 वर्ष), ग्राम लोहरबांधा, थाना करमाटांड़
बरामद सामान
09 मोबाइल फोन
22 सिम कार्ड
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सनातन दास और नितेश दास यूनियन बैंक एवं एक्सिस बैंक के अधिकारियों का फर्जी परिचय देकर लोगों को कॉल करते थे. वे केवाईसी अपडेट, खाता बंद होने या अन्य बैंकिंग समस्याओं का झांसा देकर लोगों से गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे. वहीं हिरण अंसारी खुद को फर्जी बैंक पदाधिकारी बताकर लोगों को क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देता था और इसी बहाने साइबर धोखाधड़ी करता था.
विभिन्न राज्यों में फैला था नेटवर्क
एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था. इनके खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 36/2026 दर्ज किया गया है. मामले में बीएनएस 2023 की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) तथा आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों से किसी भी अनजान कॉल, लिंक या बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील की. उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की शिकायत मिलने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें.
AlsoRead:HC में ACB ने दी जानकारी, नामकुम के तत्कालीन CO और कर्मचारी के खिलाफ अब तक नहीं मिली PE की अनुमति



