Bokaro: चास के चेकपोस्ट स्थित स्वीट इंडिया के ऊपर संचालित शिवा लॉज के तीसरे तल्ले के एक कमरे में जमीन करोबार से जुड़े एक व्यक्ति के शव को पुलिस ने शुक्रवार को बरामद किया. मृतक की पहचान धनबाद जिला अंतर्गत बहालडीह ओपी क्षेत्र के डुमरो उत्तरी निवासी लक्ष्मण साव, पिता कृष्णा साव के रूप में हुई. पुलिस ने शव को कमरे के पंखे से झूलता पाया. चास डीएसपी वेदान्त शंकर ने कहा कि शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे चास थाना को सूचना मिली, कि शिवा लॉज के तीसरे तल्ले पर स्थित कमरा संख्या-15 से तेज दुर्गंध आ रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान कमरे के अंदर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
अजय कुमार के नाम से बुक था कमरा
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण साव जिस कमरे में ठहरे हुए थे, वह कमरा अजय कुमार के नाम से बुक किया गया था. वहीं, मृतक की बाइक (JH 10 AV 3901) लॉज के नीचे स्टैंड से बरामद की गई. मृतक के बड़े भाई रामजी साव ने बताया, कि उन्हें अचानक घटना की सूचना मिली. इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने आशंका जताई कि उनके भाई की हत्या की गई है. उन्होंने कहा कि लक्ष्मण साव जमीन कारोबार से जुड़ा था. इस कारण उनके कई दुश्मन भी थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में उनके भाई के साथ जुड़े कुछ सहयोगियों की भूमिका संदिग्ध हो सकती है. इस घटना को लेकर रामजी साव ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने 1859 पुलिसकर्मियों की वरीयता सूची जारी की



