Chaibasa: NEET 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले के विरोध में एनएसयूआई (NSUI)ने शनिवार को चाईबासा के शहीद पार्क चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर आक्रोश जताया. प्रदर्शन के दौरान “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, “नीट घोटाले की निष्पक्ष जांच करो” और “छात्रों को न्याय दो” जैसे नारे गूंजते रहे.
‘देश के युवाओं के साथ विश्वासघात’ – NSUI
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना सिर्फ प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों और मेहनत के साथ विश्वासघात है. “लाखों छात्र-छात्राएं दिन-रात मेहनत कर भविष्य संवारते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर जाता है”.
कांग्रेस: सरकार की प्राथमिकता में छात्र नहीं
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने में पूरी तरह असफल रही है. शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रहे घोटाले साबित करते हैं कि सरकार की प्राथमिकताओं में छात्रों का भविष्य शामिल नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी.
कड़ी सजा और ठोस व्यवस्था की मांग
कांग्रेसियों ने नीट-2026 पेपर लीक की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की. साथ ही ऐसी मजबूत व्यवस्था बनाने की मांग की जिससे भविष्य में किसी प्रतियोगी परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल न उठे. चेतावनी दी गई है कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. प्रदर्शन में एनएसयूआई के सचिन बिरुवा, अंकित गोप, भुवनेश्वर तियू और वरिष्ठ कांग्रेसी राकेश सिंह, बुल्लू दास, सुशील दास सहित अन्य मौजूद थे.
AlsoRead:श्रावण माह को लेकर रांची नगर निगम अलर्ट, पहाड़ी मंदिर की तैयारियों की हुई समीक्षा


