Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल पर जिले के सभी 18 अंचल क्षेत्रों में दाखिल-खारिज, भूमि सीमांकन, पंजी-2 सुधार, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने सहित विभिन्न राजस्व संबंधी मामलों के निष्पादन के लिए विशेष राजस्व शिविर का आयोजन किया गया. शिविरों में आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं राजस्व सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त किए गए तथा मौके पर ही उनके निष्पादन की कार्रवाई की गई. शिविर के दौरान आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित कुल 476 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 445 आवेदनों का निष्पादन तत्काल किया गया. इसके अतिरिक्त 20 मामलों में भू-लगान संग्रह तथा विविध विषयों से संबंधित 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 आवेदन का निष्पादन किया गया. इस क्रम में जिले के सभी 18 अंचलों में आयोजित इन राजस्व शिविरों के माध्यम से कुल 520 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 475 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर आमजनों को राहत प्रदान की गई.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: उलि बगाइचा परब-2026 की शुरूआत, बागवानी आधारित आजीविका पर जोर
आमलोगों की सुविधा के लिए राजस्व शिविर का आयोजन
जिला प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों को राजस्व सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है. शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न राजस्व सेवाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जा रहे. जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे अपनी राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाएं.
यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: साउथ वेस्ट माइनिंग कंपनी का भानगांव आयरन ओर ब्लॉक आवंटन रद्द, अब नए सिरे से होगी नीलामी


