Koderma: कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त भुगतान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी तथा विधायक अमित कुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर योजना एवं कृषि विकास से संबंधित जानकारी प्राप्त की.
किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है. उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने और वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की.
विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने किसानों को कृषि विभाग एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा उन्नत तकनीक के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया.
स्थानीय उत्पादों के स्टॉल ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम के दौरान किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई. वहीं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी से जुड़ी हिरोडीह वूमेन फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा स्थानीय उत्पादों का स्टॉल लगाया गया, जहां रागी बिस्किट एवं रागी लड्डू का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया. किसानों और आगंतुकों ने इन उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई, जिससे लगभग तीन हजार रुपये की बिक्री हुई.
किसानों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के सफल आयोजन से किसानों में उत्साह देखा गया. अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, किसानों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया. मौके पर प्रधान वैज्ञानिक डॉ ए.के. राय, विषय विशेषज्ञ डॉ. चंचल कुमारी, डॉ. एस.एम. प्रसाद, डॉ. प्रज्ञा, डॉ. एन.पी. मंडल, जिला अध्यक्ष अनूप जोशी, महावीर यादव, जमुना यादव, राजेंद्र सिंह, केदार यादव, देवनारायण यादव, सुनील सिंह, संजय साव, दीपक कुमार, मुकेश पासवान, विजय यादव आदि मौजूद थे.


