Giridih: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने तथा शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से जिले के सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर 22 एवं 23 जून को जिले के सभी अंचलों में चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
निर्वाचन कार्यों से जुड़े विषयों पर दी जाएगी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी. इसमें गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण, घर-घर सत्यापन, सेल्फ मैपिंग, पैरेंटल मैपिंग, प्रोजेनी मैपिंग, ECINET BLO ऐप का संचालन, क्यूआर कोड स्कैनिंग, फॉर्म सबमिशन तथा मतदाताओं के फोटो अपलोड करने की प्रक्रिया शामिल है. इसके अलावा, ASDD सूची के निर्माण एवं सत्यापन, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, डुप्लीकेट, पता नहीं चलने वाले एवं हस्ताक्षर से इनकार करने वाले मतदाताओं से संबंधित प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी जाएगी. बीएलए-2 के साथ समन्वय, प्रपत्र-6, 7 एवं 8 की कार्यवाही तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर भी विशेष जोर रहेगा.
पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ अधिकारी और कर्मी करें कार्य
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा, कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है. इसकी शुद्धता एवं अद्यतनता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करना होगा. उन्होंने सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को समय पर प्रशिक्षण में उपस्थित होकर प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया है.


