Ranchi: भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए थे. अमर बाउरी ने कहा कि झामुमो और उसकी सहयोगी पार्टियां कांग्रेस व राजद को भ्रष्टाचार और घोटालों पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि जो दल खुद घोटालों और गबन के आरोपों से घिरे रहे हैं, वे दूसरों को भ्रष्टाचार पर उपदेश दे रहे हैं, जो पूरी तरह हास्यास्पद है. उन्होंने आरोप लगाया कि अलग झारखंड राज्य आंदोलन को चंद करोड़ रुपये के लिए बेचने का काम किसने किया, यह किसी से छिपा नहीं है.
यह भी पढ़ें: कुर्सी एक, जिम्मेदारियां अनेक, झारखंड की फाइलों के बोझ तले दबे IAS अफसर, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

‘मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास का नया इतिहास रचा’
अमर बाउरी ने कहा कि भाजपा को “भारतीय गबन पार्टी” बताने से पहले झामुमो को अपने राजनीतिक इतिहास और कार्यशैली पर नजर डालनी चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि झामुमो का असली मतलब “जमकर मुद्रा मोचन” पार्टी है. भाजपा को किसी “लुटेरी पार्टी” से प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास का नया इतिहास रचा है. देश की जनता लगातार तीसरी बार भाजपा और नरेंद्र मोदी पर भरोसा जता चुकी है, जो सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर है.
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की दो टूक- ‘झारखंड को रिम्स-2 और एम्स का अधिकार, केंद्र करे पूरा’
‘हर साल 5 लाख नौकरियां देने का वादा कहां गया’
अमर बाउरी ने झारखंड सरकार को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि झामुमो पहले जनता को बताए कि हर साल 5 लाख नौकरियां देने का वादा कहां गया. राज्य में पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार की चुप्पी क्यों है. उन्होंने कहा कि भाजपा जहां भी गड़बड़ी सामने आती है, वहां तुरंत कार्रवाई करती है, जबकि झारखंड सरकार ऐसे मामलों पर पर्दा डालने का काम करती है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है, जबकि झामुमो, कांग्रेस और राजद ने भ्रष्टाचार को अपनी राजनीति का हिस्सा बना लिया है. ऐसे दलों के मुंह से भ्रष्टाचार और घोटालों पर बयान देना शोभा नहीं देता.


