Bokaro: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत चंद्रपुरा थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो पूर्वी बहियारटांड़ में संचालित एक अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी कामेश्वर कुमार समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उनके पास से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की है.
पुलिस ने हनुमान मंदिर के सामने स्थित मुख्य आरोपी कामेश्वर कुमार के घर पर छापेमारी की. यहां से अवैध रूप से निर्मित शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और अन्य पैकिंग सामग्री जब्त की गई. कामेश्वर कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने उसके तीन अन्य सहयोगियों विनय कुमार, दिनेश प्रजापति (दोनों निवासी तेलो, चंद्रपुरा) और कृष्णा कुमार (निवासी तुपकाडीह, जरीडीह) को भी गिरफ्तार कर लिया.

37 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद
पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से करीब 37 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग ढाई लाख रुपये आंकी गई है. इसके अलावा शराब की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री भी जब्त की गई है.
BNS की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
इस मामले में चंद्रपुरा थाना में कांड संख्या 75/26 दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 274, 275, 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
इस छापेमारी अभियान में चंद्रपुरा, दुगदा और बोकारो झरिया ओपी की पुलिस के अलावा उत्पाद विभाग के महेश कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार पासवान तथा तीनों थानों के सशस्त्र और लाठी बल के जवान शामिल थे.
ALSO READ: हजारीबाग में लाल हुंकार : भाकपा का शक्ति प्रदर्शन, जल-जंगल-जमीन बचाने का संकल्प


