Gumla: पुलिस अधीक्षक के विशेष निर्देश पर चैनपुर अनुमंडल के विभिन्न स्कूलों में बच्चों को जागरूक करने के लिए एक वृहद अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, चैनपुर, कातिंग और लूथरन हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल (Shruti Agrawal) ने स्कूली छात्राओं को संबोधित किया. वहीं थाना प्रभारी अरविंद कुमार (Arvind Kumar) ने छात्रों को कानूनी नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. इसके बाद झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचने पर एसडीपीओ श्रुति का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया. इस दौरान छात्राओं ने उनके सम्मान में एक सुरीला गीत भी प्रस्तुत किया, जिसने सभी का मन मोह लिया.
हर शुक्रवार चलेगा अभियान
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए एसडीपीओ श्रुति ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में हर स्कूल में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि बच्चों को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), मानव तस्करी (Human Trafficking), गुड टच-बैड टच (Good Touch-Bad Touch) और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है. चूंकि इन क्षेत्रों में मानव तस्करी और पॉक्सो से जुड़े मामले अधिक सामने आते हैं, इसलिए बच्चियों को इन विषयों की पूरी जानकारी देना आवश्यक है.

पुलिस से डर नहीं, भरोसा रखें
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य बच्चों के मन से पुलिस के प्रति भय को समाप्त करना है, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में वे बिना झिझक पुलिस को जानकारी दे सकें. उन्होंने कहा कि बच्चों को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि पुलिस के पास जाने से बदनामी होगी या डरने की कोई बात है. उन्होंने बताया कि चैनपुर अनुमंडल के चार स्कूलों में अब तक यह कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है और प्रत्येक शुक्रवार अलग-अलग स्कूलों में यह अभियान जारी रहेगा, ताकि जल्द ही पूरे अनुमंडल के सभी स्कूलों को कवर किया जा सके.
पहल की सराहना
इस मौके पर झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की प्रिंसिपल प्रेमिका तुला, संध्या निशा लकड़ा, अनिशा दीपिका खलखो और जिला परिषद सदस्य मैरी ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीण एवं आवासीय विद्यालयों के बच्चों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और वे अपने अधिकारों तथा सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनेंगे.
अभियान को मिलेगी और गति
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना प्रभारी के सहयोग से लगातार अन्य स्कूलों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि इस जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जा सके.


