Bokaro: DC अजय नाथ झा के निर्देशानुसार शुक्रवार को पेटरवार प्रखंड कार्यालय परिसर में लर्निंग लाइसेंस (LL) अभियान एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को लर्निंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है. अभियान के दौरान कुल 197 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 67 अभ्यर्थियों का लर्निंग लाइसेंस टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें 49 अभ्यर्थी सफल रहे, जबकि 18 अभ्यर्थी सफल नहीं हो सके.
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें-
कार्यक्रम के दौरान आमजन को हिट एंड रन मुआवजा योजना एवं गुड समैरिटन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया.
ALSO READ: बोकारो : एससी-एसटी छात्रावास में सुविधाएं होंगी बेहतर, निरीक्षण के दौरान छात्रों को मिला आश्वासन

सड़क सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी- जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO)
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी, मारूति मिंज ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है. सुरक्षित ड्राइविंग अपनाकर, यातायात नियमों का पालन कर तथा दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद कर हम अनेक बहुमूल्य जीवन बचा सकते हैं. उन्होंने लोगों से गुड समैरिटन योजना का लाभ उठाते हुए मानवता का परिचय देने का भी आह्वान किया.


