Bokaro: जिला प्रशासन की पहल “हम आपको सुनते हैं” (लोक संवाद) कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया. उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. लोक संवाद कार्यक्रम में कुल 40 आवेदनों पर क्रमवार सुनवाई की गई. उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े.
SC-ST छात्रावास की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान सिटी कॉलेज परिसर स्थित एससी-एसटी छात्रावास के विद्यार्थियों ने पेयजल, पहुंच पथ और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. इस पर उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण को तत्काल छात्रावास का स्थल निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा मौके पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है. जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व, शिक्षा, विद्युत, बीएसएल, डीपीएलआर, कल्याण, आपूर्ति विभाग तथा विभिन्न अंचल कार्यालयों से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से सुनवाई की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए.

जनसमस्याओं के समाधान को प्रशासन की प्राथमिकता बताया
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयों में बैठकर कार्य करना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान करना है. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही प्रशासन की सबसे बड़ी पूंजी है और इस विश्वास को बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है.


