Pakur: पाकुड़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रहसपुर, बूथ संख्या-266, बूथ संख्या-193 (प्राथमिक विद्यालय, रणडागा) तथा बूथ संख्या-403 (बैंक कॉलोनी) का भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे कार्यों, प्रपत्रों के संधारण, घर-घर संपर्क अभियान, मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्यों की गहन समीक्षा की. उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि चुनाव आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें. निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत कवरेज के साथ पुनरीक्षण कार्य पूरा करें.
यह भी पढ़ें: रांची में बनेगा 20 KM का ग्रीन अर्बन कॉरिडोर, अतिक्रमण हटाकर संवारा जाएगा प्रमुख मार्ग

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है. इसके लिए नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना, अपात्र अथवा स्थानांतरित मतदाताओं की प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पादन करना तथा आवश्यक संशोधनों को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न करना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए. प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमसम्मत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी योग्य नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार का निर्बाध रूप से प्रयोग कर सकें.
यह भी पढ़ें: झारखंड इंटक महाधिवेशन में संगठन विस्तार का संकल्प, धीरज प्रसाद साहू बोले– मजदूरों के अधिकारों से नहीं होगा समझौता


