Palamu : कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ को गरिमामय और भव्य तरीके से मनाने के लिए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पलामू जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दामोदर मिश्र ने की, जबकि संचालन महासचिव सुनील कुमार सिंह ने किया. बैठक में 26 जुलाई को आयोजित होने वाले कारगिल विजय दिवस समारोह की रूपरेखा तय की गई और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियों का वितरण किया गया. लक्ष्मी नारायण तिवारी को समारोह का मुख्य प्रभारी बनाया गया. कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था की जिम्मेदारी दयाशंकर शर्मा, समता प्रसाद शर्मा, दिनेश कुमार गुप्ता, संजय कुमार और सुनील कुमार सिंह को सौंपी गई है. सुनील कुमार सिंह संपूर्ण व्यवस्था के ओवरऑल इंचार्ज होंगे. अतिथियों के आमंत्रण और समन्वय की जिम्मेदारी दयाशंकर शर्मा एवं समता प्रसाद शर्मा को दी गई है.
शहीदों के सम्मान में विशेष समारोह, वीर परिजनों का होगा सम्मान
भोजन और पेयजल की व्यवस्था दयाशंकर शर्मा संभालेंगे, जबकि हरिहर तिवारी और अशोक कुमार दुबे सीटिंग व्यवस्था की देखरेख करेंगे. सामग्री क्रय की जिम्मेदारी दयाशंकर शर्मा और कामाख्या नारायण सिंह को दी गई है. वहीं, सम्मान स्वरूप दिए जाने वाले उपहारों की व्यवस्था कामाख्या नारायण सिंह, प्रेमचंद शुक्ल और अशोक कुमार मेहता करेंगे. बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 जुलाई को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. इसके बाद आयोजित मुख्य समारोह में कारगिल युद्ध में शहीद हुए पलामू जिले के वीर जवानों के परिजनों तथा युद्ध में घायल सैनिकों को परिषद की ओर से शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा. समारोह के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई. जिला अध्यक्ष दामोदर मिश्र ने कहा कि “कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है. नई पीढ़ी को इन वीरों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करना चाहिए. वहीं, परिषद के उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण तिवारी ने सभी पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की. बैठक में कोषाध्यक्ष दयाशंकर शर्मा, सचिव अशोक कुमार दुबे, राजीव कुमार दुबे, पेंशन अधिकारी कामाख्या नारायण सिंह, बृजबिहारी सिंह सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे.

Also Read : भाजपा के सबसे मजबूत गढ़ में ‘खेला’ करने उतरे प्रशांत किशोर, बांकीपुर उपचुनाव में आर-पार की जंग


