FIFA World Cup 2026: फीफा विश्वकप 2026 के नॉकआउट स्टेज में अब तक ऐसे दिलचस्प मैच देखने को मिले हैं कि फैंस को नाखून चबाने पर मजबूर कर दिया. राउंड ऑफ-16 के एक ऐसे ही मैच में इंग्लैंड की टीम मेक्सिको को हराकर फीफा विश्वकप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है. इस रोमांचक मुकाबले में इंग्लिश टीम ने दूसरे हाफ में 10 खिलाड़ियों से खेलते हुए संयुक्त मेजबान को 3-2 से हराकर विश्वकप से बाहर कर दिया. इंग्लैंड ने गजब का जज्बा दिखाया और मेक्सिको के हर प्रहार को निरस्त कर दिया. ‘इट्स कमिंग होम’ का उनका नारा फिलहाल जिंदा है. इंग्लैंड के लिए जूड बेलिंगहम ने दो गोल दागे, जबकि एक गोल हैरी केन ने दागा. वहीं, मेक्सिको के लिए एक गोल क्विनोन्स ने किया और एक गोल राउल जिमिनेज ने पेनल्टी पर दागा.
यह भी पढ़ें: रोजमार्टा कंपनी पर सरकार मेहरबान क्यों? बाबूलाल मरांडी ने परिवहन विभाग में करोड़ों के भुगतान पर उठाए सवाल

6 मिनट में 3 गोल दागे गए
दोनों ही टीमों के अटैक्स वन ऑफ द बेस्ट थे. ऐसे में कड़ा मुकाबला होने की पूरी उम्मीद थी। ऐसा ही हुआ भी. पहले ही हाफ में इंग्लैंड ने दो मिनट में दो गोल दागे और इसके चार मिनट बाद ही मेक्सिको ने एक गोल दागा. यानी छह मिनट में कुल तीन गोल लगे थे. इंग्लैंड के लिए ये दोनों गोल जूड बेलिंगहम ने किए. उन्होंने 36वें और 38वें मिनट में गोल दागा. दोनों गोल के बीच अंतर 99 सेकंड का रहा. इसके बाद 42वें मिनट में मेक्सिको के क्विनोन्स ने गोल दाग स्कोर 2-1 कर दिया. हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा.
10 खिलाड़ियों के साथ इंग्लैंड ने दिखाया जज्बा
इंग्लैंड को 54वें मिनट में तब झटका लगा, जब उनके खिलाड़ी जारेल क्वान्सा को रेड कार्ड दिया गया. VAR रिव्यू के बाद जारेल क्वान्सा को मेक्सिकन खिलाड़ी को गलत तरीके से चुनौती देने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया. इसके साथ ही वह फीफा विश्व कप के इतिहास में रेड कार्ड पाने वाले इंग्लैंड के चौथे खिलाड़ी बन गए. इसी के साथ इंग्लिश टीम में 10 खिलाड़ी ही रह गए. मैच में ड्रामा जारी रहा. 60वें मिनट में इंग्लैंड को पेनल्टी मिल गई है, क्योंकि मेक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगेल ने लापरवाही भरी चुनौती देते हुए एंथनी गॉर्डन को बॉक्स के अंदर गिरा दिया. इस पेनल्टी पर हैरी केन ने गोल दागा और इंग्लैंड को 3-1 से आगे कर दिया. 10 खिलाड़ियों से खेलते हुए भी इंग्लैंड ने जबरदस्त चुनौती पेश की. टीम लगातार दबाव बनाती रही और हजारों मेक्सिकन फैंस के समर्थन के सामने मेक्सिको को कड़ी टक्कर दी. हालांकि, इसके बाद भी मुकाबले का रोमांच थमने का नाम नहीं लिया. 69वें मिनट में मेक्सिको को पेनल्टी मिल गई. इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने अपने ही पेनल्टी बॉक्स में ऊंचा पैर उठाकर मेक्सिको के एक खिलाड़ी को फाउल कर दिया, जिसके बाद रेफरी ने मेक्सिको के पक्ष में पेनल्टी दे दी. राउल जिमिनेज ने इस पर गोल दाग स्कोर 3-2 कर दिया. आखिरी 20 मिनट में मेक्सिकन ने पूरा जोर लगा दिया और लगातार काउंटर अटैक्स करते रहे, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर पिकफोर्ड ने सारे प्रयासों को निरस्त कर दिया. इस तरह 10 खिलाड़ियों से खेलते हुए भी इंग्लिश टीम ने मेक्सिको को विश्वकप से बाहर कर दिया और 1966 के बाद पहली बार विश्वकप जीतने के सपने को जिंदा रखा है.

यह भी पढ़ें: 41 साल के हुए रणवीर सिंह, जानिए फिल्मों में आने से पहले क्या करते थे
ब्राजील विश्वकप से बाहर, एर्लिंग हालंद का शानदार प्रदर्शन
जब भी विश्व फुटबॉल में बड़े उलटफेरों की बात होगी तो फीफा विश्व कप 2026 में ब्राजील के खिलाफ एर्लिंग हालंद का प्रदर्शन जरूर याद किया जाएगा. पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के सामने नॉर्वे को ज्यादा लोग दावेदार नहीं मान रहे थे, लेकिन हालंद ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मैच बड़े खिलाड़ी ही जीता दिलाते हैं. मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए राउंड ऑफ 16 मुकाबले में लंबे समय तक ब्राजील ने गेंद पर कब्जा बनाए रखा, लेकिन नॉर्वे का डिफेंस चट्टान बना रहा. फिर 79वें मिनट में एर्लिंग हालंद ने एंड्रियास शेल्डेरुप के क्रॉस पर जोरदार हेडर लगाकर गोल किया. ब्राजील संभल पाता, उससे पहले ही हालंद ने 90वें मिनट में दूसरा गोल दाग दिया. इंजरी टाइम में नेमार ने पेनल्टी से एक गोल जरूर किया, लेकिन तब तक मुकाबला नॉर्वे की झोली में जा चुका था. इसी जीत ने नॉर्वे को इतिहास में पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया, जबकि ब्राजील का सपना टूट गया और नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का एलान कर दिया. हालंद का यह पहला विश्वकप है और वह किसी दिग्गज की तरह खेल रहे हैं.



