Ranchi: सोशल मीडिया के जाल में फंसकर एक और जिंदगी के परेशान होने का गंभीर मामला सामने आया है. राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के खरसीदाग ओपी के अंतर्गत एक 23 वर्षीय युवती इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अपने घर से लापता हो गई है. घटना के बाद से ही पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है. बेटी के अचानक गायब होने से परेशान पिता ने खरसीदाग ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से अपनी बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है.
दिल्ली से लौटा था परिवार
जानकारी के अनुसार, युवती के पिता एक सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त हैं. लगभग पांच साल पहले उनका पूरा परिवार दिल्ली से वापस झारखंड लौट आया था. इसके बाद उन्होंने खरसीदाग ओपी क्षेत्र में अपना मकान बनाया और वहीं पर स्थाई रूप से रहने लगे. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन सोशल मीडिया के एक ऐप ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को ग्रहण लगा दिया.

इंस्टाग्राम पर दोस्ती और फिर ब्लैकमेलिंग का खेल
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर युवती की मुलाकात एक अज्ञात युवक से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी. आरोप है कि कुछ दिनों बाद उस युवक ने युवती को उसकी कुछ निजी (न्यूड) तस्वीरें भेजनी शुरू कर दीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा. आरोपी युवक युवती से लगातार पैसों की मांग भी कर रहा था. इस मानसिक प्रताड़ना और बदनामी के डर से युवती गहरे तनाव में आ गई. इस मानसिक तनाव को न झेल पाने के कारण युवती बीते छह जुलाई को बिना किसी को कुछ बताए घर से कहीं चली गई. परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तो पता चला कि वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई है, लेकिन अपने साथ अपना आधार कार्ड लेकर गई है.
मोबाइल घर पर होने के कारण परिजनों को उसका लोकेशन ट्रेस करने या उससे संपर्क करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. परिजनों की शिकायत पर खरसीदाग ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवती की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस तकनीकी सेल की मदद से युवती के इंस्टाग्राम अकाउंट, उसपर आने वाले संदेशों और ब्लैकमेल करने वाले आरोपी युवक की कुंडली खंगालने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: चतरा: जमीन विवाद में हुए हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार


