Pakur: 18 जुलाई 2026 को प्रस्तावित एनआई एक्ट मामलों की विशेष लोक अदालत और 12 सितंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर पीडीजे कक्ष में समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशं सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय ने की. बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत एवं विशेष लोक अदालत के लिए चल रही पूर्व सुलह (प्री-कंसिलिएशन) कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए मामलों के आधिकाधिक निस्तारण के लिए रणनीति पर चर्चा की गई. बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 12 जुलाई से और एनआई एक्ट से संबंधित विशेष लोक अदालत के लिए 3 जुलाई से पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है.
सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों से पक्षकारों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पूर्व सुलह प्रक्रिया को प्रभावी बनाकर और आपसी समन्वय के साथ कार्य कर दोनों लोक अदालतों को सफल बनाया जा सकता है. बैठक में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रजनीकांत पाठक, अपर सत्र न्यायधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र, डालसा सचिव रूपा बंदना किरो,अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्जवल बेक प्रभारी न्यायधीश विजय कुमार दास समेत अन्य उपस्थित रहें.

ALSO READ : कोडरमा: डोमचांच की तीन PDS दुकानें बंद मिलने पर DSO हुए सख्त, मांगा जवाब


