पश्चिम सिंहभूम दौरे का मुख्य उद्देश्य यहां की समस्याओं को जानकर उनका समाधान करना है: बाबूलाल मरांडी

Chaibasa: झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने तीन दिवसीय पश्चिम सिंहभूम दौरे के दौरान कहा...

पश्चिम सिंहभूम दौरे का मुख्य उद्देश्य यहां की समस्याओं को जानकर उनका समाधान करना है: बाबूलाल मरांडी

Chaibasa: झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने तीन दिवसीय पश्चिम सिंहभूम दौरे के दौरान कहा कि उनके इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य जिले की जमीनी समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में पहल करना है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें संबंधित स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके.

पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया

रांची से बंदगांव होते हुए कराईकेला पहुंचने पर गुरुचरण नायक के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान उन्हें गुलदस्ता एवं पारंपरिक शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया. स्वागत करने वालों में जिला कोषाध्यक्ष सुरेश साव, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई, प्रेस प्रवक्ता बुधु पंडित, कराईकेला मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे. कराईकेला में स्थानीय ग्रामीणों ने बाबूलाल मरांडी के समक्ष कराईकेला बाजार से बाउरी साई तक सड़क निर्माण, पेयजल संकट, नकटी डैम नहर (केनाल) निर्माण सहित क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याएं रखीं. ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से इन मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है.

भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई

इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाना, जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखना तथा सेवा कार्यों के माध्यम से पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है. उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों से झारखंड में बालू घाटों की नीलामी नहीं कराई गई है. यदि समय पर बालू घाटों का टेंडर होता तो उससे प्राप्त राजस्व सरकारी खजाने में जाता, लेकिन ऐसा नहीं होने से राज्य को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अवैध बालू उठाव एवं अवैध खनन गतिविधियों को संरक्षण दे रही है, जिसके कारण बालू घाटों और खनन पट्टों की नीलामी नहीं हो रही है.

सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल

बाबूलाल मरांडी ने यह भी कहा कि वृद्धावस्था पेंशन सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में विकास कार्य ठप पड़े हैं और अब समय आ गया है कि सरकार को उसके कार्यों का आईना दिखाया जाए. उन्होंने कहा कि वे पूरे झारखंड का दौरा कर लोगों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से जान रहे हैं. पश्चिम सिंहभूम दौरे का भी उद्देश्य यहां की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना है. उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं लिखित रूप में देने का आग्रह किया.

ये शामिल रहें 

इससे पूर्व बंदगांव में भाजपा जिला उपाध्यक्ष टिलु सिंह के नेतृत्व में भी बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया गया. इस अवसर पर डॉ. विजय सिंह गागराई, गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक शशिभूषण सामड, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश साव, जिला महामंत्री तीरथ जामुदा, कराईकेला मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल, मंडल महामंत्री दीपक महतो, युवा मोर्चा अध्यक्ष विवेक मिश्रा, केदार बानरा, बुधु पंडित, राकेश त्रिपाठी, मंगल बोदरा, समीर सारंगी समेत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.

AlsoRead:झारखंड में अगले कई दिनों तक बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और वज्रपात के आसार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *