Koderama: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले में 11 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक जनसंख्या स्थिरता अभियान संचालित किया जाएगा. इस वर्ष अभियान का मुख्य विषय “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” निर्धारित किया गया है. अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करना, योग्य दंपतियों को उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर परिसर में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर परिवार स्वास्थ्य मेला 2026 का आयोजन किया गया.उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार व अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया.
निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करें
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के समन्वय से विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. सहिया, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर योग्य दंपतियों से संपर्क करेंगे और उन्हें बच्चों के जन्म में उचित अंतर रखने, परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देंगे. अभियान के दौरान जिले के सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में परिवार नियोजन परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जरूरतमंद लाभार्थियों को सेवाओं से जोड़ा जाएगा. पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं तथा सेवा प्रदाताओं की सहभागिता रहेगी. बेहतर कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों एवं संस्थानों को सम्मानित भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनसंख्या स्थिरता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा परिवार नियोजन से संबंधित वैज्ञानिक एवं सुरक्षित उपायों की जानकारी के लिए अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करें.
जयनगर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की कार्यप्रगति की समीक्षा
इसके साथ ही उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जयनगर प्रखंड में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में प्रखंड अंतर्गत सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HSC) के कार्यों एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, मानव संसाधन प्रबंधन तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक के दौरान सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया. समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया कि 14 जुलाई से सभी स्वास्थ्यकर्मियों का भुगतान केवल बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर किया जाएगा. संस्थागत प्रसव (Institutional Delivery) में वृद्धि सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक गर्भवती महिला की नियमित ट्रैकिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके.
समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष जोर
बैठक में सहियाओं को अपने निर्धारित कार्यों में कम-से-कम 80 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन के प्रभावी उपयोग के लिए एचआर रैशनलाइजेशन (HR Rationalisation) करने के निर्देश दिए गए. इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री अस्पताल रख-रखाव योजना के तहत उपलब्ध संसाधनों का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि अस्पतालों में आधारभूत सुविधाओं का बेहतर रखरखाव हो सके और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें. बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष जोर दिया गया.
पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO), जिला क्षय रोग पदाधिकारी (DTO), जिला मलेरिया पदाधिकारी (DMO), जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी (DRCHO), जिला परिषद सदस्य, उपप्रमुख, अंचल अधिकारी (CO), प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), जिला डाटा प्रबंधक (DDM), जिला कार्यक्रम समन्वयक (DPC), प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
