Koderma: कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलटेक्स के समीप सोमवार को एक ट्रैक्टर का टायर फट जाने से मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. अचानक टायर फटने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच खड़ा हो गया, जिससे कोडरमा-गिरिडीह मार्ग की एक लेन पूरी तरह बाधित हो गई. टायर फटते ही ट्रैक्टर चालक ने किसी तरह वाहन को रोक लिया, लेकिन भारी-भरकम ट्रैक्टर सड़क के बीच में फंस जाने के कारण आवागमन बाधित हो गया. देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. स्कूल बस, एंबुलेंस और दफ्तर जाने वाले लोग भी जाम में फंस गए.
प्रशासन से है यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और कुछ समाजसेवियों ने यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को सड़क किनारे हटाया जा सका. इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका. स्थानीय लोगों ने कहा कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की संख्या अधिक है और आए दिन जाम की स्थिति बनती है. उन्होंने प्रशासन से सड़क किनारे खराब वाहनों को तुरंत हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
ALSO READ : हजारीबाग: विष्णुगढ़ और सीतागढ़ा मामलों में सांसद ने DC से की मुलाकात, प्रशासनिक मनमानी पर कार्रवाई का मिला आश्वासन
